Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

गैस संकट पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: औचक जांच में एक एजेंसी खाली, कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी

    सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार 

गैस संकट पर प्रशासन का बड़ा एक्शन: औचक जांच में एक एजेंसी खाली, कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी

शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए रविवार को औचक निरीक्षण अभियान चलाया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी भूपेंद्र सिंह और थाना के पुलिस पदाधिकारी की संयुक्त टीम ने रूदपैय इंडेन गैस एजेंसी तथा परमानंदपुर गांव स्थित भोला एचपी गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से गैस एजेंसी संचालकों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान रूदपैय इंडेन गैस एजेंसी में व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। यहां पर्याप्त मात्रा में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध थे और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से वितरण किया जा रहा था। एजेंसी की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को देखते हुए अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया और इसे एक बेहतर उदाहरण बताया। इसके विपरीत परमानंदपुर गांव स्थित भोला एचपी गैस एजेंसी में गंभीर लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान एजेंसी में एक भी रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं मिला, जिससे उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी उजागर हो गई। इस पर अधिकारियों ने कड़ी आपत्ति जताई और एजेंसी संचालक को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

एचपी गैस एजेंसी के प्रोपराइटर ने सफाई देते हुए बताया कि सोमवार से मंगलवार के बीच गैस सिलेंडर की आपूर्ति आने की संभावना है, जिसके बाद उपभोक्ताओं को वितरण शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की स्थिति दोबारा नहीं होनी चाहिए। 

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी भूपेंद्र सिंह ने मौके पर ही सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि रसोई गैस की कालाबाजारी या कृत्रिम किल्लत किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी एजेंसी के खिलाफ इस तरह की शिकायत मिलती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना एजेंसियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आम लोगों से भी अपील की गई कि वे किसी भी अनियमितता की सूचना प्रशासन को दें।

प्रशासन की इस सख्ती के बाद क्षेत्र के अन्य गैस एजेंसियों में भी सतर्कता बढ़ गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस कार्रवाई से गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |