कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
भागलपुर में गेस्ट फैकल्टी की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव, तीन साल से किराये के मकान में रहकर कर रहे थे अध्ययन, पुलिस जांच में जुटी
भागलपुर जिले में एक गेस्ट फैकल्टी शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के अंबो गांव निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है। वह टीएनबी कॉलेज में गेस्ट फैकल्टी के रूप में कार्यरत थे और पिछले करीब तीन वर्षों से विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के परबत्ती इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे।
जानकारी के अनुसार राकेश कुमार पढ़ाई-लिखाई और शैक्षणिक कार्यों में काफी समय बिताते थे। मकान मालिक प्रदीप कुमार मंडल ने बताया कि राकेश अधिकतर अपने कमरे में रहकर अध्ययन किया करते थे। घटना के दिन मृतक की सलहज ने मकान मालिक को फोन कर जानकारी दी कि राकेश लगातार कॉल करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं कर रहे हैं। इसके बाद मकान मालिक कमरे के पास पहुंचे।
बताया जाता है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने और खटखटाने के बाद भी जब भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो दरवाजा खोला गया। अंदर का दृश्य देख लोग सन्न रह गए। राकेश कुमार कमरे में मृत अवस्था में पड़े थे। कमरे के भीतर उल्टी के निशान भी पाए गए, जिससे मौत के कारण को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।


