सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
बड़ी वारदात से पहले पुलिस का शिकंजा, हथियारों के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार
बांका जिले के सुईया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संभावित आपराधिक घटना को समय रहते विफल कर दिया। पुलिस ने तीन अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, तीन मोबाइल फोन एवं दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
इस संबंध में गुरुवार की शाम कटोरिया थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ बेलहर रविन्द्र मोहन प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुईया थाना क्षेत्र के भेलवा हाई स्कूल के समीप तीन संदिग्ध युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर रंजीत कुमार के नेतृत्व में सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया झा सहित अनि आकाश आर्यन, अनि राजू पांडेय, सअनि चंदन कुमार एवं सअनि दिनेश राम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के बुरहीखार निवासी गुड्डू राय (20), नितीश कुमार (22) तथा उत्तर प्रदेश के औरैया निवासी अमन कुमार (19) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि इन आरोपियों ने गुरुवार को ही भेलवा के पास एक फेरीवाले से पिस्टल के बल पर छिनतई की थी। इस मामले में सुईया थाना कांड संख्या 29/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
.png)




