Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : आंधी-बारिश की आड़ में डकैती, रिटायर्ड फौजी के घर धावा बोल चार लाख के गहने लूटे

    नंदन कुमार APP न्यूज रिपोर्टर, चांदन, बिहार 

आंधी-बारिश की आड़ में डकैती, रिटायर्ड फौजी के घर धावा बोल चार लाख के गहने लूटे

बांका जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत चांदन पंचायत के वार्ड संख्या दो स्थित गोनावारी गांव में सोमवार देर रात करीब एक बजे दर्जन भर अपराधियों ने एक अवकाश प्राप्त आर्मी जवान के घर धावा बोलकर सनसनी फैला दी। अपराधियों ने गृहस्वामी सदानंद मंडल एवं उनकी पत्नी के साथ मारपीट कर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने लूट लिए और फरार हो गए।

पीड़ित सदानंद मंडल, जो आर्मी में हवलदार मेजर पद से हैदराबाद से सेवानिवृत्त होकर गांव में रह रहे हैं, ने बताया कि वे उसी दिन ससुराल से लौटे थे। खाना खाने के बाद जैसे ही सोए, तभी पीछे की दीवार फांदकर अपराधी आंगन में घुस आए और हमला बोल दिया। अपराधियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की तथा पत्नी वसुंधरा मंडल के हाथ से हीरे की अंगूठी और शरीर से सोने के गहने जबरन उतार लिए। साथ ही दोनों का मोबाइल भी छीन लिया ताकि घटना की सूचना बाहर न जा सके।

घटना के दौरान तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई, जिसका फायदा उठाकर अपराधियों ने घर के सभी कमरों और गोदरेज अलमारी को खंगाल डाला। इतना ही नहीं, गृहस्वामी की कार की भी तलाशी ली गई। सभी अपराधी 20 से 30 वर्ष के बीच के बताए जा रहे हैं, जो चेहरे पर नकाब लगाए स्थानीय भाषा में बात कर रहे थे।

बताया जाता है कि घर के एक ओर पक्की सड़क और दूसरी ओर जंगल होने के कारण अपराधी जंगल की दिशा से आए और वारदात को अंजाम देकर उसी रास्ते फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सुबह बांका से एसएफएल एवं डॉग स्क्वायड टीम ने जांच शुरू की, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |