सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
रातों-रात उजड़ा हरा बगीचा: मिर्जापुर में 500 से अधिक पौधे काटे, किसानों में आक्रोश
शंभूगंज थाना क्षेत्र के छत्रहार पंचायत अंतर्गत मिर्जापुर गांव में अज्ञात लोगों द्वारा करीब पांच सौ से अधिक हरे-भरे पौधों को काट देने की घटना से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित किसानों ने मामले को लेकर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर निवासी धर्मेंद्र मिश्र ने गांव से दक्षिण दिशा में तथा भोला पाठक ने गांव से उत्तर दिशा में बगिचा लगाया था। दोनों किसानों ने कड़ी मेहनत और खर्च के साथ सैकड़ों पौधे तैयार किए थे। बताया जा रहा है कि रात के अंधेरे में अज्ञात लोगों ने सुनियोजित तरीके से पौधों को काट डाला। सुबह जब किसान अपने बगीचे पहुंचे तो हरे-भरे पौधों को जड़ से कटा देख उनके होश उड़ गए।
धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि उन्होंने वर्षों की मेहनत से पौधे तैयार किए थे, जिनसे भविष्य में आमदनी की उम्मीद थी। वहीं भोला पाठक ने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि उनकी उम्मीदों पर भी कुठाराघात है। दोनों किसानों का अनुमान है कि साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने इसे दुर्भावना से की गई हरकत बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि ऐसे असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई नहीं हुई तो अन्य बागवान भी असुरक्षित महसूस करेंगे।
पीड़ितों ने शंभूगंज थाना में अज्ञात के विरुद्ध शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने क्षेत्र के किसानों को झकझोर कर रख दिया है। मेहनत से तैयार बगीचे के उजड़ने से जहां आर्थिक क्षति हुई है, वहीं भविष्य की फसल को लेकर भी संशय की स्थिति उत्पन्न हो गई है।




