प्रीतम सुमन APP न्यूज नेटवर्क, बांका बिहार
स्पीड ब्रेकर बना हादसे की वजह, बाइक पलटने से दो युवक गंभीर रूप से जख्मी
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड में सोमवार की संध्या हुई सड़क दुर्घटना में बाइक चालक सहित दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, घायलों की पहचान थानाक्षेत्र के औड़ैय गांव निवासी रोहित कुमार और प्रवीण शर्मा के रूप में हुई है। अस्पताल में इलाजरत युवकों ने बताया कि वे दोनों बाइक से खरीदारी करने भागलपुर जिले के सजौर गांव जा रहे थे। इसी दौरान भंडारवन गांव के समीप सड़क के बीच बने स्पीड ब्रेकर के पास बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में दोनों युवकों के सिर पर गहरी चोट आई है, जिसके कारण उन्हें उच्च स्तरीय इलाज के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और स्पीड ब्रेकर की स्थिति को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

