प्रीतम सुमन APP न्यूज नेटवर्क, बांका बिहार
खुले नाले ने ली मासूम की जान: दो वर्षीय बच्ची की मौत से गांव में मातम, लापरवाही पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के तारडीह पंचायत अंतर्गत वैदाडीह गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में नाले में गिरने से दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान गांव निवासी जुगल मंडल की नातिन प्रीती कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर बच्ची पड़ोस में खेल रही थी। इसी दौरान वह घर के सामने बने खुले नाले में अचानक गिर गई। कुछ देर बाद ग्रामीणों की नजर नाले पर पड़ी, जिसके बाद शोर मचाया गया और बच्ची को तुरंत बाहर निकालकर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल में मौजूद लोगों की भी आंखें नम हो गईं। वहीं घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि नाले पर पटिया लगी होती तो यह हादसा टल सकता था। ग्रामीणों ने योजनाओं में अनियमितता और सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।


