प्रीतम सुमन APP न्यूज नेटवर्क, बांका बिहार
अवैध जांच केंद्रों पर प्रशासन का शिकंजा: अल्ट्रासाउंड-एक्सरे सेंटरों की सघन जांच, कई संचालक फरार
बांका जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला के निर्देश पर बुधवार को अमरपुर शहर में संचालित विभिन्न एक्सरे एवं अल्ट्रासाउंड सेंटरों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। अमरपुर बीडीओ प्रतीक राज के नेतृत्व में गठित टीम में बांका सदर अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार, अमरपुर रेफरल अस्पताल की चिकित्सा प्रभारी डॉ. दिप्ती सिन्हा, अस्पताल प्रबंधक ऋषि कुमार, स्वास्थ्य कर्मी मिथिलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान टीम थाना परिसर के समीप स्थित अपोलो अल्ट्रासाउंड सेंटर पहुंची, जहां लाइसेंस, पंजी, मशीन से संबंधित दस्तावेज और अन्य कागजातों की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान वहां पदस्थापित चिकित्सक डॉ. अमित कुमार अनुपस्थित पाए गए। मौजूद कर्मियों से पूछताछ की गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। टीम ने चिकित्सक और संचालक से मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
अमरपुर रेफरल अस्पताल की चिकित्सा प्रभारी डॉ. दिप्ती सिन्हा ने बताया कि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कुछ अनियमितताएं सामने आई हैं और जिन केंद्रों के कागजात अधूरे या संदिग्ध पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
बीडीओ प्रतीक राज ने कहा कि अवैध जांच घरों पर पूरी तरह रोक लगाना प्रशासन की प्राथमिकता है और गरीब मरीजों के आर्थिक शोषण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण की सूचना मिलते ही कई सेंटर संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो गए, जिससे शहर में हड़कंप मच गया। जांच रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



