प्रीतम सुमन APP न्यूज नेटवर्क, बांका ,बिहार
अनियंत्रित बाइक की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल, सदर अस्पताल रेफर
बांका जिले के अमरपुर-शाहकुंड मुख्य मार्ग पर बादशाहगंज चौक के समीप रविवार सुबह सड़क हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क पार कर रही बादशाहगंज गांव निवासी भीम मालाकार की पत्नी रानी देवी को तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को उठाकर अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. अमित कुमार शर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक ने बताया कि हादसे में महिला के सिर और पैर में गहरी चोट लगी है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बांका रेफर कर दिया गया।
घायल महिला ने अस्पताल में बताया कि वह सुबह घर से दूध लेने गई थी और दूध लेकर वापस लौटते समय सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान अमरपुर से शाहकुंड की ओर जा रही बाइक ने नियंत्रण खो दिया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों ने चिंता जताई है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मुख्य मार्ग पर वाहन चालकों की गति नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



