Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

मेरा प्रखंड मेरा गौरव’ प्रतियोगिता में विजेताओं का सम्मान, पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल

 सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, धोरैया बांका 

मेरा प्रखंड मेरा गौरव’ प्रतियोगिता में विजेताओं का सम्मान, पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल

जिला स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को आरएमके मैदान, बांका में आयोजित भव्य समारोह में बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित ‘मेरा प्रखंड मेरा गौरव’ प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए स्थानीय पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाने की दिशा में सराहनीय पहल को रेखांकित किया गया।

समारोह में बांका के जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला, पूर्व मंत्री सह विधायक रामनारायण मंडल तथा पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने संयुक्त रूप से धोरैया प्रखंड के विजेता प्रतिभागी एवं दैनिक अखबार के पत्रकार रूपेश कुमार राजा सहित कुल नौ प्रतिभागियों को प्रति प्रतिभागी 10 हजार रुपये की राशि के साथ कुल 90 हजार रुपये का डमी चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। सम्मान पाकर विजेताओं में उत्साह और गर्व का माहौल देखा गया।

बताया गया कि प्रतियोगिता में बांका जिले के चांदन, रजौन, अमरपुर, शंभूगंज, फुल्लीडुमर, धोरैया, बेलहर, बाराहाट और कटोरिया प्रखंड से एक-एक प्रतिभागी को विजेता के रूप में चयनित किया गया। धोरैया प्रखंड से विजेता बने पत्रकार रूपेश कुमार राजा को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सह विधायक रामनारायण मंडल एवं जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

विधायक द्वारा पूछे जाने पर रूपेश कुमार राजा ने बताया कि उन्होंने धोरैया प्रखंड अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध धनकुंड नाथ शिव मंदिर पर आधारित 30 सेकंड का वीडियो, फोटो तथा लगभग 200 शब्दों का निबंध तैयार कर विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किया था। उनके प्रस्तुतीकरण को चयन समिति ने उत्कृष्ट मानते हुए विजेता घोषित किया।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि ‘मेरा प्रखंड मेरा गौरव’ जैसी प्रतियोगिताएं स्थानीय पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ युवाओं में अपने क्षेत्र के प्रति गर्व और जुड़ाव की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थलों के प्रचार-प्रसार से पर्यटन के नए अवसर विकसित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और विजेताओं को बधाई दी।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |