Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : अवैध बालू खनन पर पुलिस का शिकंजा, कई घाटों पर की छापेमारी

       प्रीतम सुमन APP न्यूज नेटवर्क, बांका बिहार 

अवैध बालु खनन पर पुलिस का शिकंजा, अमरपुर के विभिन्न घाटों पर देर रात छापेमारी से माफियाओं में हड़कंप

बांका जिले के अमरपुर क्षेत्र में अवैध बालु खनन पर पूर्ण विराम लगाने को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार की देर रात अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न बालु घाटों पर व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया और कई चालक अपनी छोटी-बड़ी वाहनों को छिपाते नजर आए।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने बिरमां, वासुदेवपुर, भदरिया, लौसा, तारडीह, तेतरिया किसनपुर, मालदेवचक, चोकर, मादाचक समेत कई प्रमुख बालु घाटों पर पहुंचकर अवैध गतिविधियों की बारीकी से जांच की। हालांकि अभियान के दौरान पुलिस को कोई बड़ी सफलता हाथ नहीं लगी, लेकिन पुलिस की सक्रियता और सख्ती का असर खनन माफियाओं की गतिविधियों पर साफ तौर पर देखा गया।

ज्ञात हो कि पिछले कुछ दिनों से अमरपुर प्रखंड के विभिन्न घाटों से जुगाड़ वाहन, घोड़ा गाड़ी, टैम्पो, बैलगाड़ी एवं पिकअप वाहनों के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध बालु उठाव की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। नए थानाध्यक्ष राकेश कुमार के पदभार ग्रहण करने के बाद से ही अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अवैध बालु खनन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सरकारी राजस्व की खुली चोरी भी है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर आगे भी लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

इस अभियान में दारोगा सतीश कुमार सिंह, दारोगा मुकेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की इस सख्ती से जहां आम लोगों में संतोष देखा जा रहा है, वहीं अवैध खनन में संलिप्त लोगों के बीच बेचैनी बढ़ गई है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |