सुरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, पटना बिहार
₹5,540 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट: PMCH बनेगा भारत का सबसे बड़ा अस्पताल, CM नीतीश कुमार ने किया हाईटेक सुविधाओं का निरीक्षण
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 4 फरवरी 2026 को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में चल रहे पुनर्विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। करीब ₹5,540 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद PMCH 5,462 बेड क्षमता के साथ भारत का सबसे बड़ा और दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा अस्पताल बन जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने फेज-1 के तहत नवनिर्मित आपातकालीन भवन के प्रथम तल पर रेडियोलॉजी विभाग का दौरा किया, जहां अत्याधुनिक सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनें स्थापित की गई हैं। उन्होंने इन विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं को मरीजों के लिए बड़ी राहत बताते हुए आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग पर जोर दिया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री पांचवें तल पर स्थित NICU (नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट) पहुंचे और वहां नवजात शिशुओं के इलाज के लिए उपलब्ध सुविधाओं, नर्स स्टेशनों और अन्य चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर मरीजों को बेहतर सेवा देने के निर्देश दिए।
अस्पताल की छत पर तैयार किए गए अत्याधुनिक हेलीपैड को भी मुख्यमंत्री ने देखा। अधिकारियों ने बताया कि एयर एंबुलेंस के जरिए मरीजों को सीधे अस्पताल पहुंचाने के लिए DGCA से लाइसेंस फरवरी 2026 तक मिलने की संभावना है, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में तेजी लाने, निर्धारित समय सीमा (संभावित 2027-28) के भीतर परियोजना पूरी करने और गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही डॉक्टरों, नर्सों और मेडिकल छात्रों के लिए आधुनिक आवासीय सुविधाओं के निर्माण को भी प्राथमिकता देने को कहा। यह परियोजना बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




