सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
शंभुगंज में व्यापार मंडल पर धान अधिप्राप्ति का शुभारंभ, पहले दिन 90 क्विंटल की खरीद
शंभुगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित व्यापार मंडल परिसर में शुक्रवार को धान अधिप्राप्ति कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई। जिला सहकारिता पदाधिकारी बांका मोहम्मद जेनुल आवदिन अंसारी एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष अम्बुज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर अधिप्राप्ति केंद्र का उद्घाटन किया।
जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि शुभारंभ के पहले दिन लगभग 90 क्विंटल धान की खरीद की गई। उन्होंने जानकारी दी कि प्रखंड क्षेत्र के 14 पैक्स — रामचुआ, कुर्मा, मिर्जापुर, झखरा, कसवा, वारसावाद, कामतापुर, मालडीह, पकरीया, भरतसिला, परमानंदपुर, पौकरी, गुलनी एवं बैदपुर — में धान अधिप्राप्ति सुचारू रूप से चल रही है। इसके अलावा व्यापार मंडल में भी किसान अपना धान बेच सकते हैं।
अधिकारियों ने कहा कि चुटिया बेलारी, पड़रिया, छतहार, करसोप एवं विरनौधा पंचायत के पैक्स डिफॉल्टर रहने के कारण इन पंचायतों में धान की खरीद बंद है। ऐसे पंचायतों के किसान व्यापार मंडल अध्यक्ष से संपर्क कर सीधे अपना धान बेच सकते हैं।
धान परिवहन सुविधा को लेकर जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि जिन किसानों के पास परिवहन की व्यवस्था नहीं है, उनके लिए व्यापार मंडल द्वारा गाड़ी उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि गाड़ी का किराया किसान को स्वयं वहन करना होगा।
उन्होंने बताया कि धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। रैयत किसान 250 एमटी तथा गैर रैयत किसान 100 एमटी तक पैक्स में धान बेच सकते हैं। बीसीओ ने बताया कि अब तक क्षेत्र के 67 किसानों से लगभग 573 एमटी धान की खरीद की जा चुकी है।
इस अवसर पर वरीय बीसीओ सह व्यापार मंडल प्रबंधक सुबोध कुमार सिंह, बीसीओ अमर कुमार, विपिन कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष अम्बुज कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, शिवपूजन सिंह, राकेश कुमार सिंह, शशि शेखर कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।





