सुरज कुमार APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट ,पटना, बिहार
अमरपुर विधानसभा सीट पर महागठबंधन में संशय बरकरार, कांग्रेस और राजद में बनी मतभेद की स्थिति
बांका जिले की अमरपुर विधानसभा सीट को लेकर महागठबंधन में अभी भी उलझन बनी हुई है। जहां एक ओर एनडीए की ओर से जयंत राज के नाम पर स्थिति स्पष्ट हो गई है, वहीं महागठबंधन में अब तक उम्मीदवार को लेकर स्पष्टता नहीं आई है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की ओर से जितेंद्र सिंह के नाम पर मुहर लगाई गई है और पार्टी उन्हें प्रत्याशी बनाने की तैयारी में है। दूसरी ओर, राजद (RJD) इस सीट को अपने पाले में रखना चाहती है और यहां से अपना प्रत्याशी उतारने की जोरदार तैयारी कर चुकी है।
इसी वजह से महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर मतभेद सामने आ गए हैं। चर्चा है कि अमरपुर के साथ-साथ कई अन्य सीटों को लेकर भी राजद और कांग्रेस के बीच बातचीत अटकी हुई है। अब सबकी निगाहें पटना की ओर टिकी हैं, जहां शीर्ष नेता — लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव — अंतिम फैसला लेंगे।
राजनीतिक सूत्रों का मानना है कि यदि यह सीट कांग्रेस के खाते में जाती है और वह अपना प्रत्याशी उतारती है, तो महागठबंधन को नुकसान उठाना पड़ सकता है। जबकि राजद समर्थित उम्मीदवार के चुनाव लड़ने पर सीट पर जीत की संभावना मजबूत मानी जा रही है।
फिलहाल स्थिति यह है कि एनडीए समर्थित प्रत्याशी जयंत राज ने अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी है, जबकि महागठबंधन में अंतिम निर्णय का इंतजार है। अमरपुर विधानसभा की जनता की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि राजद और कांग्रेस के बीच तालमेल होता है या टकराव।
.png)





