प्रीतम सुमन APP न्यूज रिपोर्टर ,अमरपुर बांका
440 वोल्ट तार की चपेट में आने से बस चालक झुलसा, हालत गंभीर; मायागंज रेफर
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के भरको मां दुर्गा मंदिर के समीप शुक्रवार को बस साइड करने के दौरान 440 वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से बस चालक गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद चालक मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। दिवा गश्ती में मौजूद 112 पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. अमित कुमार शर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
जख्मी चालक की पहचान अमरजीत कुमार (26 वर्ष), निवासी डोमो कुमारपुर, थाना फुल्लीडुमर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को अमरजीत अपनी शिव दुर्गा बस लेकर सवारी उतारने भरको आया था। बस को साइड करने के दौरान ऊपर से झूल रही हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गया, जिससे वह झुलसकर बेहोश हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण मां दुर्गा मंदिर के पास 440 वोल्ट की तार काफी नीचे झूल रही है, जिससे पहले भी कई बार छोटी-मोटी घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने विभाग से तत्काल तार की मरम्मती कर स्थायी समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं टाली जा सकें।
.png)


