प्रीतम सुमन, APP न्यूज रिपोर्टर अमरपुर बांका
मुख्यमंत्री रोजगार योजना को लेकर कार्यालय परिसर में लगेगा शिविर
अमरपुर नगर पंचायत कार्यालय सभागार में मुख्य पार्षद रीता साहा की अध्यक्षता में सामान्य बोर्ड की एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से उपमुख्य पार्षद आशा देवी, कार्यपालक पदाधिकारी रविशंकर सिंह मौजूद रहे। बैठक में विगत बैठक में लिए गये प्रस्ताव की संपुष्टि की गई। वार्ड पार्षद प्रदीप कुमार उर्फ पप्पू साह ने पर्व के पूर्व शहर के चौंक चौराहे पर स्ट्रीट लाईट तथा सीसीटीवी कैमरा नहीं लगाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि एक वर्ष पूर्व ही शहर में सीसीटीवी तथा स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव लिया गया था लेकिन अब तक कार्य पूर्ण नहीं किया गया।उन्होंने दुर्गा पुजा तथा छठ पर्व के पूर्व शहर के चौंक चौराहे व गली मोहल्ले में सीसीटीवी तथा स्ट्रीट लाइट लगाने की बात कही। बैठक में वार्ड पार्षदों ने शहर में नियमित रूप से नल जल सप्लाई नहीं होने का मुद्दा उठाया जिसपर सर्वसम्मति से नल जल सप्लाई हेतू निर्मित जल मीनार में कर्मी रखकर नियमित नल जल सप्लाई करने की बात कही। वार्ड पार्षदों ने मुख्यमंत्री रोजगार योजना की कार्यालय परिसर में शिविर लगाकर फॉर्म भरवाने की बात कही ताकि योजना से एक भी महिला वंचित नहीं रह सके। बैठक में वार्ड पार्षदों ने नगर पंचायत में आंगनबाड़ी भवन नहीं रहने का मुद्दा उठाया जिसपर मौजूद बाल विकास परियोजना की महिला पर्यवेक्षिका आशा कुमारी ने समस्याओं से विभाग को पत्राचार करने की बात कही। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने पीएम सम्मान निधि योजना के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि योजना के तहत फुटकर विक्रेताओं को मिलने वाली लाभ को बिहार सरकार ने बढ़ा दिया है। पहली किस्त 10 हजार से बढ़ा कर 15 हजार, दूसरी किस्त 20 हजार से बढ़ाकर 25 हजार तथा तीसरी किस्त 50 हजार से बढ़ाकर 80 हजार तक कर दिया गया है। योजना का लाभ लाभुकों को पूर्व के नियमानुसार मिलेगी। बैठक के दौरान वार्ड पार्षदों ने नगर पंचायत की मुख्य पार्षद को एक सहायक तथा एक चपरासी देने की मांग किया ताकि मुख्य पार्षद प्रतिदिन अपने कार्यालय में दो घंटे रहकर आमजनों की फरियाद को सुनकर ससमय उनका निदान किया जा सके।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी तथा कार्यालय कर्मी राजीव पाठक पर स्वच्छता पर्यवेक्षक अभिलाषा अपूर्वा द्वारा एससी एसटी के तहत प्राथमिकी दर्ज होने का जोर-शोर से मुद्दा उठा। कार्यपालक पदाधिकारी ने स्वच्छता पर्यवेक्षक के खिलाफ बोर्ड से कार्यवाही कराने की मांग किया ताकि कोई भी अधिकारी या जनप्रतिनिधि के खिलाफ ऐसा करने की हिम्मत नहीं कर सके। जिसपर कुछ वार्ड पार्षदों ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड पार्षद अगर मामले में हस्तक्षेप करेंगे तो वह स्वयं अपना लेटर पैड पर लिखकर देंगे। बोर्ड के द्वारा कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। मुख्य पार्षद ने शहर में आउटडोर डस्टबिन, पर्व के दौरान प्रतिदिन शहर में फॉगिंग कराने की बात कही। बैठक में वार्ड पार्षद अशोक साह, पंकज दास, शंकर महतो, नीलम देवी, तारा देवी, रेखा देवी, नागेश्वर तपस्वी, पिंटू मंडल समेत अन्य वार्ड पार्षद मौजूद थे।


