प्रीतम सुमन APP न्यूज रिपोर्टर, अमरपुर बांका
भवन निर्माण मंत्री जयंत राज ने किया रूद्राभिषेक, बोले- धार्मिक स्थलों का होगा सर्वांगीण विकास
11 हजार दीपों से जगमगाया बाबा ज्यैष्गौरनाथ धाम
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड स्थित बाबा ज्यैष्ठगौर नाथ महादेव मंदिर परिसर में शुक्रवार को भव्य दीपोत्सव का आयोजन हुआ। पहाड़ों की मनोरम वादियों में बसे इस प्राचीन मंदिर को 11 हजार दीपों से सजाकर महाआरती की गई। आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा वातावरण भक्ति रस में डूब गया।
भवन निर्माण मंत्री सह स्थानीय विधायक जयंत राज अपनी पत्नी शिल्पी सुरभि संग यजमान बने। विद्वान पंडितों की टोली के साथ उन्होंने रूद्राभिषेक एवं भस्म आरती की। शिवगंगा तट पर आयोजित महाआरती में हजारों दीप प्रज्वलित कर परिसर को आलोकित किया गया।
मंत्री ने कहा कि बाबा ज्यैष्गौरनाथ धाम जिले की आस्था का केंद्र है और सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मंदिर परिसर व शिवगंगा तट को विकसित करने की दिशा में विशेष पहल की जाएगी।
कार्यक्रम में बौंसी गुरुधाम, उज्जैन व काशी से आए विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजन संपन्न कराया।
अमरपुर व आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु जुटे। विधि-व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन के साथ एनडीए कार्यकर्ता मुस्तैद रहे।