नवगछिया में पुलिस से मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी कुख्यात अपराधी गुरुदेव मंडल ढेर
नवगछिया पुलिस जिला में देर रात नवगछिया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी सनोज मंडल उर्फ गुरुदेव मंडल को मुठभेड़ में मार गिराया गया।
घटना रगड़ा थाना क्षेत्र के मुरली चौक की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरुदेव मंडल अपने साथियों के साथ किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर STF और नवगछिया पुलिस ने मौके पर छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान गुरुदेव मंडल और उसके साथियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं जिसमें गुरुदेव मंडल मारा गया।घटनास्थल से पुलिस ने हथियार भी बरामद किए हैं।
नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने बताई कि गुरुदेव के खिलाफ कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। वहीं रेंज आईजी विवेक कुमार ने इसे पुलिस की बड़ी सफलता बताया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।