Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

भाजपा नेता के परिवार के घर पर हार्डवेयर दुकान के आड़ में चल रहा था मिनी गन फैक्ट्री

सूरजकांत, ब्यूरो रिपोर्ट पटना ,बिहार

बीजेपी नेत्री के परिवार से जुड़े मकान में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, पति गिरफ्तार

हार्डवेयर दुकान की आड़ में बनाया जा रहा था अवैध हथियार, पुलिस ने अर्धनिर्मित पिस्तौल और 32 तरह के उपकरण किए बरामद

बिहार के शेखपुरा जिले में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के एक बड़े ठिकाने का पर्दाफाश किया है। बुधौली बाजार इलाके में एक हार्डवेयर दुकान के पीछे बने कमरे में कथित तौर पर मिनी गन फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। शुक्रवार देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा (50) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, विनायक हार्डवेयर दुकान के पीछे स्थित कमरे में अवैध रूप से देसी पिस्तौल बनाने का काम चल रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अर्धनिर्मित देसी पिस्तौल की बॉडी, स्लाइडर, बैरल, तीन अर्धनिर्मित मैगजीन सहित हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 32 प्रकार के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मौके पर ही हथियार बनाने में जुटा था।

मुंगेर में सीखा था हथियार बनाने का हुनर

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने मुंगेर स्थित अपने ससुराल में हथियार बनाने का तरीका सीखा था। पिछले करीब तीन महीने से वह इस अवैध कारोबार में शामिल था। उसने बिहारशरीफ के एक व्यक्ति को पिस्तौल बेचने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस अब हथियारों की खरीद-बिक्री और संभावित नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।

बीजेपी नेत्री से जुड़ा है पारिवारिक संबंध

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, गिरफ्तार जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा की पत्नी वंदना विश्वकर्मा बीजेपी की जिला उपाध्यक्ष बताई जा रही हैं। हालांकि, इस मामले में उनकी किसी तरह की संलिप्तता या राजनीतिक संरक्षण की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की कार्रवाई फिलहाल गिरफ्तार आरोपी और अवैध हथियार निर्माण के नेटवर्क पर केंद्रित है।

इस खुलासे के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिछले तीन महीनों में कितने हथियार बनाए गए, उनकी आपूर्ति किन लोगों को की गई और इस धंधे में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।




Design by - Blogger Templates |