सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
टोटो की ठोकर से युवक का पैर फैक्चर, शिकायत करने गई मां से भी दुर्व्यवहार का आरोप
शंभूगंज के खौजरीडीह गांव की घटना, मां ने दो लोगों के खिलाफ थाने में दिया आवेदन
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के खौजरीडीह गांव में टोटो की ठोकर से एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना में युवक का एक पैर फैक्चर होने का आरोप है। जख्मी युवक की पहचान गांव के ही श्रवण महाराणा के पुत्र शुभम कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद जब उसकी मां विनीता देवी टोटो चालक से शिकायत करने पहुंचीं तो उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट करने पर उतारू होने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुभम कुमार गांव में था। इसी दौरान एक टोटो की ठोकर लगने से वह जख्मी हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर उसकी मां विनीता देवी टोटो चालक से शिकायत करने पहुंचीं। आरोप है कि शिकायत करने पर चालक और उसके साथ मौजूद लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उनके साथ मारपीट करने पर भी उतारू हो गए। बताया जाता है कि जख्मी शुभम के पिता श्रवण महाराणा मजदूरी करने के सिलसिले में दिल्ली गए हुए हैं।
इसके बाद विनीता देवी अपने परिजनों के साथ जख्मी बेटे को लेकर शंभूगंज थाना पहुंचीं। वहां उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन देकर गांव के ही मृत्युंजय महाराणा सहित दो लोगों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। आवेदन में टोटो से धक्का मारकर बेटे का एक पैर फैक्चर करने और शिकायत करने पर उनके साथ गाली-गलौज व दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है। साथ ही आरोपितों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है।
इधर, आरोपित पक्ष ने इस मामले में कुछ भी बताने से साफ इनकार कर दिया। वहीं, शंभूगंज थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.png)





