कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
डॉक्टर की मौत पर मायागंज अस्पताल में हड़ताल, मरीज बेहाल
विधायक रोहित पांडेय ने आंदोलनकारी चिकित्सकों से की मुलाकात, दोषियों पर जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा
भागलपुर। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) में डॉक्टर डॉ. रुपेश सोनी की सड़क हादसे में मौत के बाद चिकित्सकों का आक्रोश भड़क उठा है। साथी डॉक्टर को न्याय दिलाने की मांग को लेकर चिकित्सकों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। इससे अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। इलाज के लिए दूर-दराज से पहुंचे मरीज और उनके परिजन परेशान हैं।
डॉ. रुपेश सोनी की मौत के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने मामले को और गंभीर बना दिया है। बताया जा रहा है कि फुटेज में पांच लोग दिखाई दे रहे हैं। वहीं, मृतक डॉक्टर के साथियों का आरोप है कि हादसे में शामिल वाहन का चालक शराब के नशे में था। चिकित्सकों ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया और 'वी वांट जस्टिस' के नारे लगाए।
आंदोलनरत डॉक्टरों का कहना है कि जब तक आरोपियों को हिरासत में नहीं लिया जाता, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
इधर, नगर विधायक रोहित पांडेय मायागंज अस्पताल पहुंचे और प्रदर्शनकारी चिकित्सकों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में जल्द कार्रवाई कराने तथा दोषियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं जल्द बहाल कराने की भी बात कही।
हालांकि, विधायक के आश्वासन के बाद भी चिकित्सक अपनी मांग पर अड़े हैं। इधर, अस्पताल में इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अब सबकी निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई और अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बहाली पर टिकी हैं।
.png)




