कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार
नारीपुर पानी टंकी के पास भीषण सड़क हादसा, एक युवक की मौत, दो गंभीर
मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान राजा कुमार ने तोड़ा दम, दो साथियों की हालत नाजुक
भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के नारीपुर पानी टंकी के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान सबौर निवासी राजा कुमार, पिता गौतम दास के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में कहलगांव के ओरियप, बटेश्वर स्थान निवासी युवराज कुमार और सुल्तानगंज के एब्जुगंज निवासी लकी कुमार शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, राजा कुमार अपने दोनों साथियों के साथ ओरियप से कहलगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नारीपुर पानी टंकी के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। एक राहगीर ने घायलों के मोबाइल से उनके परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, तब तक डायल 112 की पुलिस टीम तीनों घायलों को कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचा चुकी थी। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान राजा कुमार की मौत हो गई।
वहीं, दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, एक घायल का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि दूसरे को मायागंज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
.png)




