सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
तेज रफ्तार बाइक के लहेरिया कट से बचने में पलटा ई-रिक्शा, दो घायल
लालमनिचक गांव के समीप हुआ हादसा, स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल
शंभूगंज। शंभूगंज-असरगंज मुख्य सड़क पर लालमनिचक गांव के समीप रविवार को तेज रफ्तार बाइक चालक की लापरवाही के कारण एक ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान चुटिया गांव निवासी 70 वर्षीय मु. शहमद और मिर्जापुर गांव निवासी राहुल मंडल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों यात्री असरगंज से ई-रिक्शा पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लालमनिचक गांव के समीप विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा एक बाइक चालक अचानक लहेरिया कट मारते हुए ई-रिक्शा के अगले पहिये के करीब से गुजर गया। अचानक सामने आए बाइक सवार से बचने के प्रयास में ई-रिक्शा चालक ने वाहन से अपना संतुलन खो दिया। इसके बाद ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ई-रिक्शा में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभूगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. उमाशंकर ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
इस घटना ने एक बार फिर मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की समस्या को उजागर किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बाइक चालकों द्वारा अचानक लहेरिया कट मारने से अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे वाहन चालकों पर नियंत्रण के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की जरूरत है।
.png)





