सूरजकांत ,ब्यूरो रिपोर्ट पटना ,बिहार
बिहार के 13 लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मिलेगी लोन की सुविधा, घर बैठे मोबाइल एप से कर सकेंगे आवेदन
बिहार के करीब 13 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए नई सुविधा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। सम्राट चौधरी सरकार के वित्त विभाग की ओर से मोबाइल एप और वेबसाइट शुरू करने की योजना है। इसके माध्यम से सरकारी कर्मचारी और पेंशनभोगी जरूरत पड़ने पर घर बैठे कहीं से भी लोन के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे उन्हें कर्ज लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। आवेदन स्वीकृत होने के बाद लोन की राशि सीधे संबंधित व्यक्ति के बैंक खाते में भेजने की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि, इस सुविधा को शुरू करने की आधिकारिक तिथि और विस्तृत दिशा-निर्देश का इंतजार है।
वेतन और पेंशन के आधार पर मिलेगा लोन
मिली जानकारी के अनुसार, सरकारी कर्मचारी अपनी कटौती के बाद हाथ में मिलने वाली मासिक वेतन राशि का 30 गुना तक लोन लेने के पात्र हो सकते हैं। यही व्यवस्था पेंशनभोगियों पर भी लागू करने की बात कही गई है। यानी लोन की सीमा संबंधित कर्मचारी के वास्तविक वेतन और पेंशन के आधार पर निर्धारित होगी।
आवेदन के लिए देने होंगे जरूरी दस्तावेज
प्रस्तावित ऑनलाइन व्यवस्था में आवेदन के दौरान आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते का विवरण, कर्मचारी पहचान पत्र, वेतन पर्ची अथवा पेंशन संबंधी दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है। हालांकि, दस्तावेजों की अंतिम सूची और आवेदन की पूरी प्रक्रिया आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
इस सुविधा के लागू होने से लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को घर बैठे ऋण आवेदन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
.png)





