Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : मिठाई खाने के लिए दुकान पर रुका था मासुम, अनियंत्रित कार ने रौंदा ,मां की उजड़ गई दुनिया

सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार

मिठाई खाने के लिए दुकान पर रुका था 9 वर्षीय अविनाश, अनियंत्रित कार ने छीन ली जिंदगी ,मां की उजड़ गई दुनिया

ईनारावरण बाजार में मिठाई दुकान में घुसी तेज रफ्तार कार, पिता-पुत्र गंभीर रूप से हुए जख्मी; इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम

बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र के ईनारावरण बाजार में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मिठाई खाने की मासूम ख्वाहिश लेकर दुकान पर रुके 9 वर्षीय अविनाश कुमार को क्या पता था कि यह पल उसकी जिंदगी का आखिरी पल बन जाएगा। कटोरिया की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार मिठाई दुकान में जा घुसी। इस हादसे में दुकान पर मौजूद पिता-पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बाद में इलाज के दौरान मासूम अविनाश की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, चांदन थाना क्षेत्र के नारायणडीह गांव निवासी दिनेश दास अपने 9 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार के साथ बाइक से अपने ससुराल सालोनिया जा रहे थे। इसी दौरान ईनारावरण बाजार में एक मिठाई दुकान पर रुककर उन्होंने अपने बेटे को मिठाई खिलाने का सोचा। पिता-पुत्र दुकान पर थे, तभी कटोरिया की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार सीधे मिठाई दुकान में घुस गई। अचानक हुए इस हादसे में दिनेश दास और उनका मासूम पुत्र अविनाश गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए कटोरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। अविनाश की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे मासूम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, उसके पिता दिनेश दास का इलाज कटोरिया रेफरल अस्पताल में चल रहा है।

मां की गोद सूनी, परिवार में पसरा मातम

जिस मां ने अपने बेटे के भविष्य के हजारों सपने संजोए थे, उसी मां के सामने आज उसका नौ साल का दुलारा हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गया। जिस घर में बेटे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। 

अविनाश की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। एक मां के लिए अपने कलेजे के टुकड़े को खोने का दर्द शब्दों में बयां करना मुश्किल है। ईनारावरण बाजार की यह घटना हर किसी को झकझोर कर रख गई।





Design by - Blogger Templates |