कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार
कटाव रोकने में जुटे अधिकारियों के सामने गंगा में समाया मकान, बाल-बाल बचे इंजीनियर
महादेवपुर में गंगा का कहर जारी, घटना के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड अंतर्गत राघोपुर के महादेवपुर में गंगा नदी का भीषण कटाव लगातार जारी है। कटाव के कारण इलाके में दहशत का माहौल है। इसी बीच सोमवार को कटाव निरोधी कार्य की निगरानी के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों और इंजीनियरों के सामने ही एक मकान अचानक भरभराकर गंगा नदी में समा गया। गनीमत रही कि इस दौरान इंजीनियर बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी और इंजीनियर जिस मकान में बैठकर कटाव निरोधी कार्य की निगरानी कर रहे थे, वह अचानक गंगा के तेज कटाव की चपेट में आ गया। देखते ही देखते मकान नदी में समा गया। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
महादेवपुर में गंगा का कटाव लगातार रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ रहा है। स्थिति यह है कि जिस इलाके में कटाव रोकने के लिए विभागीय अधिकारी और इंजीनियर जुटे हैं, वहीं जमीन और मकान गंगा में समा रहे हैं। इससे कटाव निरोधी कार्यों की चुनौती और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों को अपने घर, जमीन और आशियाने के नदी में विलीन होने का डर सता रहा है।
मकान के गंगा में समाने की घटना ने कटाव की भयावहता को एक बार फिर सामने ला दिया है। अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग पर टिकी है। लोगों को उम्मीद है कि कटाव पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि शेष आबादी और संपत्ति को बचाया जा सके।
.png)




