प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका ,बिहार
सड़क पर बच्चे को बचाने में गड्ढे में पलटी बाइक, चालक जख्मी
अमरपुर के कापरीचक गांव के समीप हुआ हादसा, रेफरल अस्पताल में कराया गया उपचार
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के कापरीचक गांव के समीप बुधवार को सड़क दुर्घटना में बाइक चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सड़क पर बने गड्ढे में बाइक पलटने से यह हादसा हुआ। जख्मी की पहचान फुल्लीडुमर प्रखंड के गोरहड्डी गांव निवासी सुरेश साह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
अस्पताल में इलाजरत सुरेश साह ने बताया कि बुधवार को वह अपने गांव से अमरपुर प्रखंड के बरमसिया गांव स्थित अपनी बेटी के घर जा रहे थे। इसी दौरान कापरीचक गांव के समीप अचानक एक बच्चा सड़क पर दौड़कर आ गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गई। हादसे में वह सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए जख्मी बाइक चालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।
इधर, सड़क पर बने बड़े गड्ढे के कारण हादसा होने की बात सामने आने के बाद सड़क की स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उपचार कर रहे चिकित्सक ने जख्मी की स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
.png)





