प्रीतम सुमन ,ब्यूरो रिपोर्ट बांका ,बिहार
लूटपाट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, हालत गंभीर; पटना रेफर
छह हजार रुपये नकद और दो मोबाइल लूटे, आधा दर्जन अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत सलेमपुर पंचायत के कल्याणपुर गांव निवासी दो युवकों के साथ मुंगेर जिले में लूटपाट और गोलीबारी की घटना सामने आई है। रविवार की शाम ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने जा रहे बाइक सवार दोनों युवकों को अज्ञात अपराधियों ने रास्ते में रोक लिया। मारपीट कर नकदी और मोबाइल लूटने के बाद विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसकी चिंताजनक स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर से पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, अमरपुर के कल्याणपुर गांव निवासी सुनील सिंह का 24 वर्षीय पुत्र विमल कुशवाहा अपने 26 वर्षीय मित्र दीपक कुमार के साथ बाइक से मुंगेर जिले के कल्याणपुर में आयोजित भोजपुरी कलाकार पवन सिंह के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान मुंगेर से मिर्जाचौकी जाने वाले हाईवा मार्ग पर करीब आधा दर्जन अज्ञात अपराधियों ने उनकी बाइक रोक ली। इसके बाद दोनों युवकों के साथ मारपीट करते हुए विमल के पास रखे छह हजार रुपये नकद और दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए।
लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली विमल के कंधे में लगी, जिससे वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए सुल्तानगंज अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।
मायागंज में भी युवक की हालत चिंताजनक बनी रहने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, गोली फेफड़े में फंसी हुई है। घटना की सूचना मिलने पर मध्य जिला परिषद के भावी प्रत्याशी धीरेंद्र शास्त्री उर्फ धीरू यादव भी घायल के परिजनों के साथ मायागंज अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने घटना पर आक्रोश जताते हुए पुलिस प्रशासन से अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं।
.png)




