सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
पुरानी रंजिश में दो पक्षों में हिंसक झड़प, तीन लोग घायल
कसबा शोभनाथपुर में मारपीट के बाद दोनों पक्ष पहुंचे थाने, पुलिस ने शुरू की जांच
शंभूगंज थाना क्षेत्र के कसबा शोभनाथपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्ष शंभूगंज थाना पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दिलीप सिंह की पत्नी मुन्नी देवी और उनका पुत्र प्रिंस कुमार सिंह रांची में रहते हैं। करीब एक सप्ताह पहले दोनों अपने पैतृक गांव आए थे। इसी दौरान पुरानी बात को लेकर सुनील सिंह के साथ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और प्रिंस कुमार सिंह तथा सुनील सिंह के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट होते देख प्रिंस की मां मुन्नी देवी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं। इसी दौरान दूसरे पक्ष से सुनील सिंह का पुत्र सौरभ सिंह भी मौके पर आ गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। घटना में मुन्नी देवी और प्रिंस कुमार सिंह को मामूली चोटें आईं, जबकि दूसरे पक्ष के सौरभ सिंह भी घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों पक्ष शंभूगंज थाना पहुंचे और एक-दूसरे पर मारपीट करने तथा गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई। दोनों पक्षों ने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.png)






