सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
शंभूगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आठ आरोपित गिरफ्तार
बरौथा, धरमपुर और वारसावाद गांव में छापेमारी, वारंटी और नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप
शंभूगंज थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने समकालीन अभियान के तहत छापेमारी तेज कर दी है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलग-अलग गांवों में कार्रवाई करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से वारंटियों और विभिन्न मामलों में नामजद अभियुक्तों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने दरोगा शंकर कुमार शर्मा और पुलिस बल के जवानों के सहयोग से थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बरौथा गांव में छापेमारी कर कांड संख्या 325/2026 के नामजद अभियुक्त सत्यम कुमार और रंजीत यादव सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने धरमपुर गांव में छापेमारी की, जहां से वारंटी विकेश राम, निकेश राम और दिलीप राम को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, वारसावाद गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 251/2026 के नामजद अभियुक्त नीतीश कुमार और कारू उर्फ चितरंजन यादव को गिरफ्तार किया।
लगातार हो रही छापेमारी से थाना क्षेत्र में फरार चल रहे वारंटियों और विभिन्न मामलों के नामजद अभियुक्तों के बीच बेचैनी बढ़ गई है। शंभूगंज थानाध्यक्ष के इस प्रकार के एक्शन और ताबड़तोड़ छापेमारी से अपराधी भय के मारे क्षेत्र छोड़ने को विवश हो गए हैं। खासकर दशहरा मेला के मौके पर जिस प्रकार यहां शादी की नीयत से लड़की के अपहरण जैसी घटनाएं होती थी वैसी घटनाओं पर सीधा अंकुश लगता दिख रहा है। थानाध्यक्ष का खौफ प्रेमी जोड़ो पर भी देखने को मिल रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों में आरोपितों की गिरफ्तारी के अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपितों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल जांच कराने के बाद न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
.png)






