सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
मां तेलडीहा मंदिर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की पूजा-अर्चना, राज्य की सुख-समृद्धि की कामना
डीएम और एसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान, श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए की गई विशेष व्यवस्था
बांका जिले के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक शक्तिपीठ मां तेलडीहा दुर्गा मंदिर में मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां भगवती से राज्य की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की मंगल कामना की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर से लेकर संपर्क मार्गों तक जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम मुस्तैद दिखी।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की थीं। जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार स्वयं मंदिर परिसर में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर, मुख्यमंत्री के कारकेड रूट और सुरक्षा घेरे का निरीक्षण किया। साथ ही, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर, प्रवेश और निकास द्वारों तथा प्रमुख संपर्क मार्गों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मुख्यमंत्री के आवागमन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
वहीं, आम श्रद्धालुओं को मां भगवती के दर्शन-पूजन में परेशानी नहीं हो, इसके लिए बैरिकेडिंग, पार्किंग और कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था संचालित की गई।
ऐतिहासिक शक्तिपीठ मां तेलडीहा मंदिर में नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर प्रशासन की प्राथमिकता सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करना रहा।
.png)






