कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
थार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में दो की मौत, एक गंभीर
बाईपास किशनपुर के पास हुआ भीषण हादसा, घायल को मायागंज अस्पताल में कराया गया भर्ती
भागलपुर जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार थार और ट्रक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अकबरनगर बाईपास में किशनपुर के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और घायल को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा। अस्पताल में घायल की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही अकबरनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घायल की पहचान भी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण हादसा होने की आशंका है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस आसपास के लोगों से घटना की जानकारी लेने के साथ मौके पर मौजूद साक्ष्यों को भी जुटा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों तक सूचना पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है।
.png)




