सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
शंभूगंज के दुर्गा मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत कथा को लेकर निकाली गई भव्य कलश शोभा यात्रा
शारदीय नवरात्र के अवसर पर शंभूगंज बाजार स्थित वैष्णवी दुर्गा मंदिर परिसर में मंगलवार से श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। इसके पूर्व बाजार वासियों की ओर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
इसमें 551 महिलाएं एवं कन्याएं शामिल हुईं। सिर पर कलश लेकर निकलीं महिलाओं और कन्याओं की कतार से बाजार का माहौल भक्तिमय हो गया। जय माता दी और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
कलश यात्रा को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। विधि-विधान के साथ कलश में जल भरने के बाद महिलाएं और कन्याएं सिर पर कलश लेकर नगर भ्रमण के लिए निकलीं। यात्रा में डीजे, ढोल-नगाड़े और बाल कलाकारों की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
जगह-जगह श्रद्धालुओं ने धार्मिक उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया।कलश यात्रा बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कथा स्थल पहुंची। कई जगहो पर शोभा यात्रा पर लोगो ने फुल बरसाकर स्वागत किया।
रास्ते में गेरुआ वस्त्र धारण किए दुर्गा पुजा समिति के अध्यक्ष नवल राम भक्ति गानो पर खुब थिरके। यहां पंडित नित्य किशोर पुरोहित और आचार्य अनिल सिंह के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कलश स्थापित किया गया। इस दौरान दुर्गा महारानी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम दिन वृंदावन से आए कथावाचक नित्य किशोर पुरोहित ने भागवत कथा के महात्म्य पर प्रकाश डाला।
उन्होंने श्रद्धालुओं को कथा के आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराते हुए इसके श्रवण से मिलने वाली सीख के बारे में बताया। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव से प्रवचन सुनते रहे। आयोजन को लेकर बाजारवासियों में खासा उत्साह देखा गया।
मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान और कथा सप्ताह को लेकर तैयारियां की गई हैं। आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष नवल राम उर्फ देवी, वीर भगत, पीएन शेखर सहित बाजार के अन्य लोग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
.png)





