सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
दुष्कर्म के दोनों आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी का एसपी ने दिया निर्देश
तिलडीहा से लौटने के बाद थाने में पुलिस पदाधिकारियों के साथ की बैठक, दुर्गा पूजा मेले की सुरक्षा व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
शंभूगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में स्नान करने के दौरान युवती का फोटो और वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने तथा वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित रूप से सात माह तक दुष्कर्म करने के मामले को लेकर पुलिस कप्तान अमितेश कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को तिलडीहा से लौटने के बाद एसपी ने शंभूगंज थाना पहुंचकर पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान दुर्गा पूजा के अवसर पर तिलडीहा में लगने वाले मेले की सुरक्षा व्यवस्था, युवती से जुड़े दुष्कर्म मामले सहित अन्य महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा की गई।
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दुष्कर्म के दोनों आरोपितों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई तेज करने और जांच में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। बैठक में दुर्गा पूजा और तिलडीहा मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इधर घटना को लेकर शंभूगंज बाजार के बुद्धिजीवियों में भी आक्रोश है। लोगों ने दोनों आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है। बताया गया कि दोनों युवकों ने युवती का अश्लील वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और कथित रूप से लंबे समय तक उसका शोषण करते रहे। आरोप है कि करीब सात माह तक दुष्कर्म किए जाने से युवती परेशान हो गई।
इसके बाद उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिजनों को दी। मामले की जानकारी मिलने पर परिजन पीड़िता ल लेकर शंभूगंज थाना पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है।
.png)





