कुणाल शेखर, ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर ,बिहार
बेली ब्रिज बंद होते ही मुफ्त फेरी सेवा शुरू, सुबह 6 से शाम 6 बजे तक चलेंगे बड़े जलयान
बाइक-साइकिल समेत सामान भी बिना शुल्क होगा पार, हर जहाज पर मजिस्ट्रेट, पुलिस और आपदा मित्र रहेंगे तैनात
भागलपुर जिले के बेली ब्रिज बंद होने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन को सुचारु रखने के लिए प्रशासन ने जलमार्ग की व्यवस्था शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह छह बजे से मुफ्त फेरी सेवा शुरू हो गई, जो शाम छह बजे तक संचालित होगी। बड़े जलयानों के जरिए यात्री अपने सामान के साथ बाइक और साइकिल भी बिना शुल्क गंगा पार कर सकेंगे। सुरक्षा कारणों से सामान्य देशी नावों के परिचालन पर रोक रहेगी।
भागलपुर की ओर बियाडा और बाबूपुर घाट से जलयान का संचालन किया जा रहा है, जबकि नवगछिया की ओर जाह्नवी गंगा घाट मुख्य कनेक्शन रहेगा। यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए बियाडा घाट पर समतलीकरण, वाटरप्रूफ टेंट, हाई-मास्ट लाइट और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। बाबूपुर घाट पर तीन बड़े जलयान तैयार रखे गए हैं।
बरारी घाट से फेरी सेवा का संचालन नहीं होगा। यहां स्थायी इंस्टॉलेशन का काम चल रहा है और क्रेन समेत भारी मशीनरी तैनात है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने बियाडा घाट से जलयान पकड़ने की व्यवस्था की है।
जलमार्ग से सफर के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। प्रत्येक जलयान पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और आपदा मित्र तैनात रहेंगे। घाटों पर पुलिसकर्मी भीड़ नियंत्रण और यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से जलयान पर चढ़ाने की व्यवस्था संभालेंगे। यात्रियों के लिए मेडिकल कैंप और ‘दीदी की रसोई’ की भी व्यवस्था की गई है।
वहीं बड़े और मालवाहक वाहनों के आवागमन के लिए अलग से कार्गो जहाज की व्यवस्था की गई है। प्रशासन का प्रयास है कि बेली ब्रिज बंद रहने के दौरान भागलपुर-नवगछिया के बीच यात्रियों और आवश्यक सामान के आवागमन में परेशानी न हो।
.png)




