सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
धोरैया में ब्राउन शुगर के साथ 25 वर्षीय युवक गिरफ्तार
सीतला मंदिर के समीप पुलिस की छापेमारी में 12.440 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद, तस्करी में शामिल अन्य लोगों की तलाश तेज
बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12.440 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नशीले पदार्थ की तौल में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन और पोको कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है।
मामले की जानकारी रविवार को बौंसी के एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने धोरैया थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर धोरैया थाना क्षेत्र के पोठिया गांव स्थित सीतला मंदिर के समीप छापेमारी की। इस दौरान युवक को ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया। बरामद नशीले पदार्थ और अन्य सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि इस मामले में धोरैया थाना कांड संख्या 295/2026 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार युवक के खिलाफ मादक पदार्थों से संबंधित एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी) एवं 21(सी) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाता था और इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जाती थी।
पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही, नशे के कारोबार में कथित रूप से शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
.png)





