APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका, बिहार
जिला जदयू अध्यक्ष ने प्रखंड अध्यक्ष बीएल गांधी से मांगा स्पष्टीकरण, तीन दिनों में जवाब तलब
बांका जिला जनता दल यूनाइटेड के जिलाध्यक्ष अमरेंद्र पटेल ने शंभूगंज प्रखंड जदयू अध्यक्ष बीएल गांधी के कथित मनमाने रवैये को लेकर स्पष्टीकरण जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रदेश नेतृत्व से कार्रवाई की अनुशंसा किए जाने की बात कही गई है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व बांका जिला मुख्यालय में जिलाध्यक्ष अमरेंद्र पटेल की अध्यक्षता में जदयू की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सभी प्रखंड अध्यक्षों को अपने-अपने प्रखंड कार्यकारिणी सदस्यों एवं पंचायत अध्यक्षों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था। आरोप है कि शंभूगंज प्रखंड अध्यक्ष न केवल बैठक में शामिल नहीं हुए, बल्कि अनुपस्थिति की सूचना भी जिलाध्यक्ष को नहीं दी।
इसी मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाध्यक्ष ने पार्टी अनुशासन, संगठनात्मक नियमों का पालन नहीं करने तथा वरीय पदाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के आरोप में स्पष्टीकरण पत्र जारी किया है। पत्र में तीन दिनों के अंदर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष को कार्रवाई के लिए अनुशंसा भेजी जा सकती है। प्रखंड जदयू अध्यक्ष बीएल गांधी ने बुधवार को सभी आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा की परिवार का एक सदस्यों का तबीयत खराब होने के कारण वह कई दिनो से अस्पताल में थे। उन्हें न तो बैठक की कोई चिट्ठी मिली और न ही बैठक की जानकारी दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक उन्हें कोई स्पष्टीकरण पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।
बीएल गांधी ने कहा कि वे हमेशा संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करते रहे हैं और नीतीश कुमार के नेतृत्व में जीवनपर्यंत जदयू के प्रति समर्पित रहेंगे। उसी का परिणाम है कि शंभूगंज प्रखंड में जदयू पूरी तरह संगठित और मजबूत है।
.png)




