सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
मॉर्निंग वॉक पर निकलीं भाजपा जिला अध्यक्ष की मां से सोने की चेन झपटी, बाइक सवार दो युवक फरार
बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलीं भाजपा के जिला अध्यक्ष ब्रजेश कुमार मिश्रा उर्फ विक्की मिश्रा की माता एवं भाजपा की पूर्व जिला उपाध्यक्ष दुर्गा मिश्रा से बाइक सवार दो युवकों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना बौंसी डैम रोड स्थित दुर्गा मंदिर के समीप की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दुर्गा मिश्रा अपने आवास से सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान प्लैटिना बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली। अचानक हुई घटना से दुर्गा मिश्रा ने शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवक बाइक से तेज गति से फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना भाजपा जिला अध्यक्ष ब्रजेश कुमार मिश्रा ने बौंसी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि झपटी गई सोने की चेन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। घटना के बाद क्षेत्र में सुबह के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों में चिंता देखी जा रही है।
.png)




