सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार
शादी की नीयत से किशोरी को ले जाने का आरोप, युवक गिरफ्तार
तीन दिन बाद पुलिस ने किशोरी को बरामद कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा, बयान के लिए न्यायालय भेजी गई किशोरी
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से शादी की नीयत से किशोरी को ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को बरामद कर लिया। वहीं, मामले में नामजद आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान शंभूगंज थाना क्षेत्र के कमड्डी गांव निवासी गणेश कुमार, पिता अजीत राम मंडल के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए शंभूगंज थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि करीब तीन दिन पूर्व थाना क्षेत्र के एक गांव से किशोरी के लापता होने की सूचना मिली थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि कमड्डी गांव निवासी गणेश कुमार किशोरी को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद किशोरी के माता-पिता की ओर से शंभूगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, जिसमें गणेश कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया था।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी करते हुए आरोपी गणेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही किशोरी को भी बरामद कर लिया गया।
बरामद किशोरी को महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में उसके बयान के लिए न्यायालय भेजा गया है। पुलिस के अनुसार न्यायालय में किशोरी का बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
.png)





