Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

जीविका की वार्षिक आम सभा में आत्मनिर्भरता पर जोर

 सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर बांका बिहार

जीविका की वार्षिक आम सभा में आत्मनिर्भरता पर जोर

बांका जिले के बेलहर प्रखंड के आदर्श जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति (सीएलएफ) की वार्षिक आम सभा मंगलवार को सीएलएफ परिसर बेलहर में हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुई। सभा में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से संकुल स्तरीय संघ (वीओ) के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, जीविका दीदियां, सामुदायिक समन्वयक, जीविका मित्र, बैंक मित्र सहित बड़ी संख्या में कैडर शामिल हुए।

सभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। सीएलएफ की बचत, स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से उपलब्ध कराए गए ऋण तथा ऋण की वसूली से संबंधित जानकारी सदस्यों के समक्ष रखी गई। प्रस्तुत आंकड़ों पर चर्चा के बाद सदस्यों ने सर्वसम्मति से इसका अनुमोदन किया।

इस दौरान कई जीविका दीदियों ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। दीदियों ने बताया कि जीविका समूह से जुड़ने के बाद बकरी पालन, सिलाई-कढ़ाई, मधुमक्खी पालन और किराना दुकान जैसे स्वरोजगार से उनकी आमदनी बढ़ी है। उन्होंने अपने अनुभव साझा कर अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

मौके पर प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम), लाइवलीहुड स्पेशलिस्ट एवं अन्य प्रखंड कर्मियों ने कृषि, जैविक खेती, पशुपालन, सतत जीविकोपार्जन योजना, लखपति दीदी योजना और उद्यमिता विकास सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी बताई गई।

आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, बैंक लिंकेज बढ़ाने और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। अंत में महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। सचिव के धन्यवाद ज्ञापन के बाद जलपान के साथ सभा का समापन हुआ।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |