Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : बदुआ नदी में दिखा विशाल मगरमच्छ, इलाके में मचा हड़कंप

सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार


बदुआ नदी में पौकरी गांव के पास दिखा विशाल मगरमच्छ, मचा हड़कंप

शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के पौकरी गांव के समीप बदुआ नदी में शनिवार को विशाल मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। नदी में मगरमच्छ देखे जाने की खबर आसपास के गांवों में तेजी से फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंच गए। कुछ ग्रामीणों ने मगरमच्छ का फोटो और वीडियो भी बनाया। पहली बार बदुआ नदी में मगरमच्छ दिखाई देने से लोगों में कौतूहल के साथ-साथ भय का माहौल है। 

ग्रामीणों के अनुसार शनिवार को बारिश थमने के बाद कुछ लोग पौकरी गांव बदुआ नदी पुल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पौकरी गांव के बदुआ नदी पुल से दक्षिण नदी के पानी में पड़ी। 

वहां पानी के बीच एक विशाल मगरमच्छ दिखाई दिया। पहले लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब मगरमच्छ पानी में हलचल करते हुए आगे बढ़ा तो लोगों ने इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते नदी किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई। 

पौकरी गांव के ग्रामीण रुपेश कुमार, नीतीश कुमार, लालू कुमार और नवीन कुमार ने बताया कि पुल के दक्षिण बदुआ नदी में काफी बड़ा मगरमच्छ देखा गया है। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों को नदी में नहीं जाने की हिदायत दी गई है। ग्रामीणों ने विशेष रूप से बच्चों को नदी के आसपास नहीं जाने देने की अपील की है। ग्रामीणों का अनुमान है कि पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बदुआ नदी का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में संभव है कि मगरमच्छ किसी दूसरे जलस्रोत या नदी क्षेत्र से बहकर बदुआ नदी में पहुंचा हो। 

हालांकि, मगरमच्छ नदी में कहां से आया, इसकी वास्तविक जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। मगरमच्छ दिखाई देने के बाद नदी किनारे रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। बदुआ नदी में ग्रामीण अक्सर स्नान करने के अलावा मवेशियों को पानी पिलाने और नहलाने के लिए भी जाते हैं। ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी से लोगों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। 

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए नदी में मगरमच्छ की निगरानी और उसे सुरक्षित स्थान पर हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मगरमच्छ को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और लोगों को सतर्क करने की जरूरत है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |