प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार

महिला की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन
जहर खाने से विवाहिता की मौत, पति गिरफ्तार
मायके वालों ने पति पर साजिश के तहत जहर खिलाकर हत्या करने का लगाया आरोप
बांका जिले अमरपुर थाना क्षेत्र के तारडीह गांव में बुधवार देर रात फसलों में डालने वाली कीटनाशक दवा खाने से एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान नंदनी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने पति उत्तम कुमार पर साजिश के तहत जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
बताया गया कि नंदनी की तबीयत बिगड़ने पर पति उत्तम कुमार उसे आनन-फानन में रेफरल अस्पताल अमरपुर लेकर पहुंचे। चिकित्सक डॉ. अपूर्व अमन सिंह ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पति ने बताया कि वह चंडीगढ़ में नौकरी करता है। ग्रामीणों से पत्नी के किसी युवक से अवैध संबंध की सूचना मिलने पर वह दो सितंबर को गांव आया था।
उसने पत्नी को डांट-फटकार लगाई थी, जिसके बाद वह करीब एक सप्ताह से गुमसुम थी। बुधवार शाम वह फैतपुर गांव से जलावन लेकर लौटा तो पत्नी को उल्टी करते देखा। पूछताछ में उसने जहर खाने की बात बताई।
इधर सूचना पर मृतका के मायके केंदुआर गांव से मां ललिता देवी, पिता मन्नु दास समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। मां ने आरोप लगाया कि पति ने ही उसकी पुत्री को जहर खिलाकर हत्या की है। उन्होंने बताया कि करीब छह वर्ष पूर्व नंदनी की शादी उत्तम से हुई थी। उसके दो छोटे बच्चे दिव्यांशु कुमार (3) और अंकुश कुमार (डेढ़ वर्ष) हैं।
सूचना पर दारोगा संजय कुमार गुप्ता अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मायके वालों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.png)

