प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका ,बिहार
आम रास्ते पर कूड़ा फेंकने के विवाद में युवक पर रॉड से हमला, मारपीट का वीडियो वायरल
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के भिखनपुर पंचायत अंतर्गत विदु विशनपुर गांव में आम रास्ते पर कूड़ा व गंदगी फेंकने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को लोहे की रॉड से हमला कर जख्मी कर देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मारपीट का वीडियो भी सामाजिक माध्यमों पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि, प्रसारित वीडियो की पुष्टि अंगभारत नहीं करता है।
जख्मी युवक अमरकांत मंडल का प्राथमिक उपचार अमरपुर रेफरल अस्पताल में कराया गया। अस्पताल में इलाजरत अमरकांत ने बताया कि गांव के ही सियाराम मंडल द्वारा आम रास्ते पर कूड़ा व गंदगी फेंककर आवागमन बाधित किया जा रहा था। इसको लेकर उनकी पत्नी ने जब विरोध किया तो सियाराम मंडल अपने परिजनों के साथ मिलकर उनकी पत्नी से विवाद करने लगा।
अमरकांत के अनुसार, इसकी सूचना मिलने पर वह पत्नी को समझाने और बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान सियाराम मंडल और डिंपल मंडल ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह जख्मी हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जख्मी ने बताया कि मामले को लेकर थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
.png)


