सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर बांका, बिहार
पति ने चाकू घोंपकर पत्नी की हत्या, ग्रामीणों ने आरोपी को दबोचा
सुनसान रास्ते में वारदात, हत्या के कारणों का अब तक नहीं हुआ खुलासा
बांका जिले के रजौन प्रखंड अंतर्गत नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम पति द्वारा पत्नी की चाकू घोंपकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
घटना हरना प्रशाखा नहर मार्ग पर गोराडीह-सुजालकोरामा मोड़ के समीप हुई। मृतका की पहचान धनियागड़िया निवासी 30 वर्षीय रिंकू देवी के रूप में हुई है। वारदात के बाद भाग रहे उसके पति प्रमोद दास को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रमोद दास पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ बांका के समुखिया मोड़ पर रहकर जूते-चप्पल की सिलाई का पुश्तैनी काम करता था। रविवार शाम वह किसी काम का बहाना बनाकर पत्नी रिंकू देवी को धनियागड़िया ले जाने के लिए निकला था। इसी दौरान हरना प्रशाखा नहर मार्ग के सुनसान हिस्से में उसने पत्नी के गले पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर जख्म लगने से रिंकू देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख आरोपी पति भागने लगा, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद नवादा बाजार पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका का मायका शंभूगंज प्रखंड के कुर्मा गांव में है। घटना की सूचना मिलते ही पिता कारू दास सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलने पर बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस आरोपी पति से पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे क्या कारण रहा, इसका फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
.png)





