Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग : पुलिस पर जानलेवा हमला, चालक का सिर फोड़ा, आरोपी गिरफ्तार

सुबोध सिंह, क्राइम रिपोर्टर बांका ,बिहार

पुलिस पर जानलेवा हमला, चालक का सिर फोड़ा, आरोपी गिरफ्तार

बांका जिले के रामकोल गांव में शनिवार को पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामकोल में हंगामे की सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम पर एक युवक ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में डायल 112 के चालक बलवंत कुमार के सिर में गंभीर चोट आई और उनका सिर फट गया।

जानकारी के अनुसार घटना की शुरुआत उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामकोल से हुई। विद्यालय की प्रधानाध्यापक कुसुम कुमारी ने शनिवार को डायल 112 को सूचना दी थी कि गांव निवासी फेंटुश यादव स्कूल परिसर में घुसकर हंगामा कर रहा है। प्रधानाध्यापक के अनुसार आरोपी के हाथ में ईंट और करीब ढाई फीट लंबा लोहे का रॉड था और वह स्कूल कर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दे रहा था। प्रधानाध्यापक ने अपने बयान में बताया कि आरोपी फेंटुश यादव का यह पहला मामला नहीं है। वह पूर्व में भी कई बार स्कूल में आकर शांति भंग करने, शिक्षकों को धमकाने और हंगामा करने का प्रयास कर चुका है।

प्रधानाध्यापक की सूचना पर डायल 112 की टीम उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामकोल पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फेंटुश यादव स्कूल से निकलकर अपने घर की ओर भाग गया था। इसके बाद डायल 112 की टीम उसका पीछा करते हुए उसके घर पहुंची और बाहरी दरवाजे के पास से उसे बाहर बुलाने का प्रयास किया। 

पुलिस के अनुसार जैसे ही आरोपी ने घर का दरवाजा खोला, उसने बिना कुछ सोचे-समझे हाथ में रखे लोहे के रॉड से अचानक डायल 112 के चालक बलवंत कुमार के सिर पर वार कर दिया। यह हमला इतना तेज था कि चालक का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराहाट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके सिर में 12 टांके लगाए। फिलहाल चालक की हालत गंभीर है, लेकिन डॉक्टरों ने उसे निगरानी में रखा है।

घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। डायल 112 के पदाधिकारी पीटीसी उमाशंकर के लिखित बयान के आधार पर पंजवार थाना में आरोपी फेंटुश यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और मारपीट करने की धाराएं लगाई गई हैं। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास और स्कूल में पूर्व में किए गए हंगामे के आरोपों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। 

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कर्मियों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |