Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत

 सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर बांका बिहार

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत

सड़क जाम कर आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

रजौन-जगदीशपुर-सन्हौला सड़क मार्ग पर भागलपुर और बांका जिले की सीमा के समीप मंगलवार सुबह करीब आठ बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। रजौन प्रखंड के हरचंडी के निकट खरमा मोड़ के पास तेज रफ्तार गिट्टी लदे 14 चक्के वाले ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर छोटी-बड़ी वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मृतक की पहचान नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र के हरचंडी-अमहारा पंचायत अंतर्गत पदमपुर गांव निवासी वकील प्रसाद सिंह के पुत्र रविंद्र कुमार सिंह (30) के रूप में हुई है। बताया गया कि रविंद्र कुमार सिंह बाइक से किसी काम के सिलसिले में जगदीशपुर गया था। काम पूरा करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सन्हौला की ओर से जगदीशपुर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह कुचल गया। सिर में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे कीचड़ में फंस गया। इसके कारण वह मौके से भाग नहीं सका और ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ लिया।

घटना की सूचना मिलते ही गोराडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आक्रोशित ग्रामीणों और मृतक के परिजनों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास करती रही। 

इधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे तीन मासूम बेटियों को छोड़ गया है। समाचार प्रेषण तक सड़क जाम था और पुलिस ग्रामीणों को समझाने में जुटी हुई थी।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |