कुणाल शेखर ,ब्यूरो रिपोर्ट भागलपुर, बिहार
कंटेनर के धक्के से बाइक सवार महिला की मौत, दो घायल
गोनूधाम से पूजा कर लौटने के दौरान हुआ हादसा, पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर कंटेनर किया जब्त
भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में सन्हौला मोड़ के समीप बुधवार को कंटेनर के धक्के से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र और एक अन्य महिला घायल हो गई। मृतका की पहचान बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के तिलकपुर गांव निवासी राकेश पोद्दार की पत्नी वंदना देवी (42) के रूप में हुई है। घायलों में मृतका का पुत्र गुरुदेव पोद्दार और गांव की सुदामा देवी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार वंदना देवी अपने पुत्र और सुदामा देवी के साथ गोनूधाम पूजा करने गई थीं। पूजा के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। सन्हौला मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में तीनों सड़क पर गिर गए। वंदना देवी के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस चेक पोस्ट पर तैनात जवानों ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने वंदना देवी को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद चालक कंटेनर लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चालक को गिरफ्तार कर कंटेनर जब्त कर लिया गया है।
.png)



