प्रीतम सुमन , ब्यूरो रिपोर्ट बांका , बिहार
चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक जख्मी, पैर फ्रैक्चर
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड क्षेत्र के पवई गांव के समीप मंगलवार को चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी की पहचान भागलपुर जिले के सजौर गांव निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए रेफरल अस्पताल अमरपुर लाया गया।
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार ने जख्मी युवक का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सक के अनुसार दुर्घटना में युवक का एक पैर फ्रैक्चर हो गया है।
अस्पताल में उपचार के दौरान राहुल कुमार ने बताया कि वह मंगलवार को बाइक से आवश्यक कार्य के लिए अमरपुर थाना क्षेत्र के मेढ़ियानाथ आया था। काम पूरा करने के बाद वह बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान पवई गांव के समीप मुख्य सड़क पर एक चार पहिया वाहन चालक वाहन को पीछे कर रहा था। इसी क्रम में वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया।
.png)



