प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट बांका, बिहार
सोमवार तक राजस्व ग्राम की चौहद्दी का कार्य पूरा करने का निर्देश
राजस्व ग्राम परिसीमन में तेजी लाने कर्मियों को दिया प्रशिक्षण, 2011 के आंकड़ों से होगा सत्यापन
बांका जिले के अमरपुर राजस्व ग्राम के परिसीमन कार्य में तेजी लाने को लेकर अमरपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में गुरुवार को बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्षता बीडीओ प्रभात रंजन ने की। बैठक में विभिन्न पंचायतों से जुड़े कर्मियों को परिसीमन कार्य के दौरान आने वाली तकनीकी एवं व्यवहारिक समस्याओं के समाधान की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को राजस्व ग्राम की चौहद्दी निर्धारित करने, उपलब्ध पुराने अभिलेखों से आंकड़ों का मिलान करने तथा आवश्यक जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। बीडीओ ने कहा कि परिसीमन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वर्ष 2011 के आंकड़ों को आधार बनाकर राजस्व ग्राम की स्थिति और चौहद्दी से संबंधित जानकारी का सत्यापन किया जाना है। प्रत्येक राजस्व ग्राम से संबंधित फोटो भी अपलोड किया जाना है।
उन्होंने कहा कि आंकड़ों या चौहद्दी से संबंधित किसी भी प्रकार की त्रुटि का असर आगे की प्रक्रिया पर पड़ सकता है। इसलिए सभी कर्मी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों ने कार्य में आ रही समस्याओं से बीडीओ को अवगत कराया, जिसका मौके पर समाधान बताया गया।
बीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सोमवार तक राजस्व ग्राम की चौहद्दी से संबंधित सभी आवश्यक कार्य पूरा कर लिया जाए। इसके बाद प्राप्त आंकड़ों और अपलोड किए गए फोटो की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में किसान सलाहकार, ग्रामीण आवास सहायक, कार्यपालक सहायक, पंचायती राज विभाग के कर्मी और पंचायत रोजगार सेवक सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।
.png)





