सूरजरांत ,ब्यूरो रिपोर्ट ,पटना बिहार
निगरानी के शिकंजे में कार्यपालक अभियंता, पटना-बांका समेत चार ठिकानों पर छापेमारी
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में लघु जल संसाधन विभाग बांका के कार्यपालक अभियंता हरेंद्र कुमार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई की कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। मंगलवार को निगरानी टीम ने पटना, बांका और वैशाली स्थित उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान हरेंद्र कुमार को उनके बांका स्थित सरकारी आवास से हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, निगरानी टीम ने पटना के दो अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी ली। इनमें महावीर नगर स्थित जनक नंदिनी अपार्टमेंट का फ्लैट संख्या 307 और बेउर चौराहा स्थित छह मंजिला मकान शामिल है। वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के सिमरवारा गांव स्थित परिसर को भी तलाशी के दायरे में रखा गया। वहीं, बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता के कार्यालय में भी विभागीय दस्तावेज और अभिलेख खंगाले गए।
छापेमारी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में नकदी और सोने के आभूषण मिलने की जानकारी है। तलाशी में पांच सोने के हार, दो मंगलसूत्र, सोने के चार कंगन, चार कीमती घड़ियां और दो गाड़ियों की चाबी समेत अन्य सामान बरामद किए जाने का उल्लेख है।
इसके अलावा 500 रुपये के नोटों की 17 गड्डियां मिलने की बात भी सामने आई है। वैशाली स्थित आवास पर निगरानी टीम ने करीब छह घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद करीब ढाई लाख रुपये नकद समेत जमीन से जुड़े कई कागजात अपने साथ ले गई।
बताया गया कि निगरानी टीम की कार्रवाई के दौरान हरेंद्र कुमार को उनके बांका स्थित सरकारी आवास से हिरासत में लेकर जिला स्थित कार्यालय लाया गया। टीम उनके विभागीय कार्यों और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच के क्रम में हुई इस कार्रवाई को लेकर विभागीय महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
.png)






